Balrampur News: जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं की खुली पोल, CHC पचपेड़वा में डॉक्टर नदारद, वार्ड में घूमते मिले कुत्ते
Balrampur News: उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पचपेड़वा का हाल देखकर लोग दंग रह गए। जब एक टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया तो इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) और कई स्टाफ अपनी ड्यूटी से गायब मिले। वहीं मरीजों के वार्ड में एक कुत्ता बेखौफ घूमता हुआ दिखाई दिया।

उपमुख्यमंत्री के निर्देश भी बेअसर
यह नजारा उस समय देखने को मिला जब उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लगातार अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के सख्त निर्देश दे रहे हैं। लेकिन CHC पचपेड़वा में डॉक्टर और स्टाफ की अनुपस्थिति ने इन निर्देशों की धज्जियां उड़ा दीं।
अस्पताल के वार्डों का दृश्य बेहद चिंताजनक था। महिला वार्ड में 5-6 जच्चा-बच्चा भर्ती थे, जिनमें से दो ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।
लेकिन उनके लिए न तो कोई सुविधा थी और न ही साफ-सफाई। बेड पर चादर तक नहीं बिछी थी, वार्ड के बाहर पान की पीकें पड़ी थीं और शौचालय की हालत इतनी खराब थी कि वहां रुकना भी मुश्किल हो गया।

मरीजों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
वार्ड में खुलेआम घूमता कुत्ता न सिर्फ अस्पताल की स्वच्छता पर सवाल उठाता है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा पैदा करता है। मरीजों ने शिकायत की कि अस्पताल की मरम्मत सालों से नहीं हुई है। दीवारों का प्लास्टर झड़ चुका है और पेंट पूरी तरह उखड़ गया है।
जब इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) मुकेश कुमार और चिकित्सा अधीक्षक विजय कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका फोन व्यस्त रहा। किसी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
रिपोर्टः योगेन्द्र त्रिपाठी
Also Read: शिक्षक दिवस पर CM योगी ने 81 शिक्षकों को किया सम्मानित, दिया टैबलेट और स्मार्ट क्लास की सौगात

