बलरामपुर में मां की ममता हुई बेबस: इलाज के लिए हाथ जोड़ भीख मांगती रही, CRM टीम देखती रही
जिले की ‘बीमार व्यवस्था’: अस्पताल में मां ने जोड़े हाथ, CRM टीम के सामने खुल गई स्वास्थ्य सिस्टम की सच्चाई
बलरामपुर। यह तस्वीर किसी फिल्म का सीन नहीं, बल्कि हकीकत है जहां एक मां को अपने बीमार परिजन की जान बचाने के लिए डॉक्टरों के सामने हाथ जोड़कर ‘भीख’ मांगनी पड़ी। यह मार्मिक दृश्य बलरामपुर के संयुक्त जिला चिकित्सालय (मेडिकल कॉलेज के अधीन) में उस वक्त सामने आया, जब कॉमन रिव्यू मिशन (CRM) टीम अस्पताल का निरीक्षण कर रही थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की ‘क्रूर सच्चाई’ सबके सामने ला दी है।

बीती रात महिला अपने बीमार परिजन को लेकर अस्पताल पहुंची थी। लेकिन वहां इलाज की सुविधाएं न मिलने पर परिजन दर्द से तड़पता रहा। इलाज की उम्मीद में दौड़-धूप करती उस महिला की जब कहीं सुनवाई नहीं हुई, तो उसने वहीं मौजूद अधिकारियों और चिकित्सकों के सामने हाथ जोड़ दिए मानो अपने प्रियजन की जान बचाने के लिए भीख मांग रही हो।
सरकारी दावों की खुली पोल
विडंबना यह रही कि ये सब कुछ CRM टीम के सामने हुआ वही टीम जो जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बताने आई थी। लेकिन उस मां के हाथ जोड़ने ने सरकारी दावों की असलियत खोल दी। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला अब चर्चा में है। लोग सोशल मीडिया पर नाराजगी जता रहे हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह घटना सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि उन तमाम गरीब और असहाय मरीजों की कहानी है जिन्हें सरकारी अस्पतालों में इलाज से ज़्यादा इंतज़ार और उपेक्षा मिलती है।
अब सवाल यही है जब अधिकारी मौजूद हों और तब भी मरीज को ‘भीख’ मांगनी पड़े, तो आम दिनों में हाल क्या होता होगा? प्रशासन को अब केवल जांच नहीं, बल्कि जवाबदेही दिखानी होगी ताकि किसी और मां को अपने प्रियजन की जान के लिए हाथ न जोड़ने पड़ें।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read:जौनपुर: डिवाइडर तोड़कर ट्रक से टकराया डीसीएम, चालक व खलासी की दर्दनाक मौत

