बलरामपुर: पड़ोसी के घर में मिला किशोरी का खून से लथपथ शव, शरीर पर जलने के निशान; हत्या का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जनपद के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हुसैनाबाद ग्रिंट के लालाडीह पुरवा में मंगलवार देर रात एक 18 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी का शव पड़ोसी के घर में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

क्या है पूरा मामला?

मृतका की पहचान शलीमुन निशा (18 वर्ष) पुत्री अन्नू के रूप में हुई है। मृतका की माँ शरीफुन निशा ने पड़ोस की ही एक महिला जैनब पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4 बजे जैनब ने शलीमुन निशा को फोन लगाने के बहाने अपने घर बुलाया था। किशोरी की छोटी बहन जब वहां पहुंची, तो उसने देखा कि शलीमुन निशा खून से लथपथ पड़ी थी। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के साथ-साथ जलने के भी निशान पाए गए हैं। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) उतरौला ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और एएसपी का बयान

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) विशाल पांडेय ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) पंजीकृत कर ली गई है। एएसपी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

किशोरी की संदिग्ध मौत और पड़ोसी पर लगे आरोपों के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस हर संभावित पहलू (पुरानी रंजिश या अन्य विवाद) को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: Bareilly News: प्रशासन के अड़ियल रवैये से नाराज किसानों ने तहसील में डाला डेरा, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.