बलरामपुर नगर को मिली विकास की सौगात, जल्द शुरू होंगी करोड़ों की परियोजनाएं
बारात घर से लेकर औद्योगिक पार्क तक, योजनाओं से बदलेगा नगर का स्वरूप
Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर नगरवासियों के लिए राहत और उत्साह भरी खबर सामने आई है। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर में जल्द ही कई बड़ी विकास परियोजनाएं शुरू होने जा रही हैं। परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने जानकारी दी कि स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन से नगर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।
नगरपालिका को बड़ी कानूनी जीत तब मिली जब एमआरएफ सेंटर की जमीन से जुड़े विवाद का निपटारा उसके पक्ष में हो गया। इससे वर्षों से अटके विकास कार्यों को गति मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
6 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बारात घर का निर्माण होगा। वहीं, स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर के मुख्य स्टेडियम को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए 14.5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। स्टेडियम में हॉकी खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रोटर्फ भी बिछाई जाएगी।
स्थानीय स्तर पर पैदा होंगे रोजगार के नए अवसर
नगर में 1000 सीटों वाला एक भव्य ऑडिटोरियम और 100 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क की भी योजना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यातायात को सुगम बनाने के लिए 19 मीटर चौड़ी डिवाइडर युक्त सड़क बनाने और रिंग रोड व बाइपास के बीच हरित क्षेत्र में सुंदर पार्क विकसित करने की तैयारी है।
सीवर लाइन परियोजना का भुगतान पूरा कर दिया गया है और कार्य अंतिम चरण में है। बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव भी स्वीकृति की प्रक्रिया में है। वहीं, घर-घर पाइपलाइन गैस आपूर्ति का कार्य जल्द शुरू होगा।
निकाय को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पहले चरण में 675 दुकानों के निर्माण की योजना बनाई गई है। साथ ही, नगर की कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और नए निर्माण से यातायात व्यवस्था को गति मिलेगी।
इन परियोजनाओं से बलरामपुर नगर को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है। नगरवासियों को न केवल बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि रोजगार और सामाजिक गतिविधियों के नए अवसर भी विकसित होंगे।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: Balrampur News: घरेलू कलह के चलते पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, हत्यारोपी पति गिरफ्तार

