बलरामपुर: प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर पलटा, मजदूर की मौत, नशे में लापरवाही का आरोप
बलरामपुर। जिले के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय हुए एक दर्दनाक हादसे में घायल दिनेश कुमार वर्मा उर्फ भजनू (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक टेंट हाउस में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
यह हादसा गुरुवार शाम को उतरौला–गोण्डा मार्ग पर राजेंद्रगंज चौराहे के पास हुआ था। शनिवार सुबह बस्ती के सूर्य अस्पताल में दिनेश की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार पर दुखों का पहाड़
दिनेश वर्मा अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा), जिनकी उम्र 11 वर्ष से कम है, को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले ही दिनेश की माँ की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी, और अब पिता के निधन से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।
नशे में ड्राइविंग और लापरवाही का आरोप
मृतक के छोटे भाई विकेश वर्मा ने श्रीदत्तगंज थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक अमरेश कुमार वर्मा (निवासी पटियाला ग्रिंट) शराब के नशे में ट्रैक्टर चला रहा था। मना करने के बावजूद उसने तेज रफ्तार कम नहीं की और ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने यह भी बताया कि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।
थाना प्रभारी श्रीदत्तगंज कर्मवीर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

