बलरामपुर में बाढ़ के बाद कटान की मार, राप्ती नदी ने उजाड़ी किसानों की जिंदगी, 500 बीघा फसल बर्बाद

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले में राप्ती नदी का जलस्तर कम होने के साथ ही नदी का तेज कटान ग्रामीणों के लिए नई आफत बन गया है। बलरामपुर मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर स्थित बेलवा सुल्तान जोत गांव में राप्ती नदी की तेज धारा ने किसानों की सैकड़ों बीघा फसल को अपनी चपेट में ले लिया है। इस विनाश से किसानों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर संकट आ गया है।

किसानों की उम्मीदें धराशायी

राप्ती के कटान से परेशान एक किसान ने बताया कि उन्होंने इस साल अपनी बेटी की शादी तय कर रखी थी, लेकिन अब धान की फसल नदी में कटकर समा रही है। उन्होंने कहा, “अब कैसे होगी शादी, अब तो ईश्वर ही मालिक है।” इसी तरह, राप्ती के आसपास के गांवों में भी यही हाल है, जहां सैकड़ों बीघा खेत नदी के तेज बहाव में बह रहे हैं। कई किसानों की 10 से 45 बीघा तक की फसल बर्बाद हो गई है। किसानों ने आरोप लगाया है कि इस नुकसान के बावजूद जिला प्रशासन या कोई भी नेता अब तक उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया है।

प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा

इस समस्या पर, बलरामपुर के अपर जिलाधिकारी ज्योति राय ने कहा कि नदी कटान वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मुश्किल घड़ी में किसानों के साथ खड़ा है।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: Varanasi News: अंतरराज्यीय गिरोह के 3 तस्कर गिरफ्तार, 10 पिस्तौल और मैगजीन बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.