बलरामपुर: प्रेम प्रसंग के चलते हुई थी महिला नरगिस की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र में 30 सितंबर को हुई महिला नजमी उर्फ नरगिस की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी शफीक को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू (आलाकत्ल) भी बरामद कर लिया गया है।

12 साल पुराने प्रेम संबंध का अंत

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी शफीक को झारखंडी मंदिर बस स्टॉप मोड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की चौंकाने वाली वजह बताई। आरोपी ने कबूल किया कि मृतका नजमी उर्फ नरगिस के साथ उसका पिछले 12 साल से प्रेम संबंध था। इसी रिश्ते के कारण उसने अभी तक शादी नहीं की थी। बीते अप्रैल माह में दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ जब आरोपी शफीक ने मृतका के कुछ निजी फोटो और वीडियो वायरल कर दिए।

विवाद बढ़ने के बाद नरगिस ने उससे बातचीत पूरी तरह बंद कर दी। इसी नाराजगी और बदले की भावना में आकर शफीक ने चाकू से हमला कर नरगिस की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल करने की कोशिश की थी।

दर्ज हुआ था पुरानी रंजिश का मामला

यह मामला तब शुरू हुआ था जब 30 सितंबर को मोहल्ला पुरैनिया तालाब निवासी शहनवाज ने कोतवाली नगर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मोहल्ला निमकौनी निवासी शफीक ने पुरानी रंजिश के चलते उनकी पत्नी नजमी उर्फ नरगिस पर चाकू से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी शफीक को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी 

 

Also Read: सिद्धार्थनगर में भीषण सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.