Banda News: बीडीओ बबेरू की कार्यप्रणाली पर कार्रवाई, आयुक्त ग्राम्य विकास कार्यालय लखनऊ से किया गया संबद्ध
Sandesh Wahak Digital Desk: बांदा जनपद के बबेरू ब्लॉक में तैनात खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) गरिमा अग्रवाल की कार्यप्रणाली को लेकर शासन स्तर पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
लगातार मिल रही शिकायतों और अनियमितताओं के आरोपों के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से आयुक्त ग्राम्य विकास, लखनऊ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। होली पर्व से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज है।
शिकायतों के बाद शासन का सख्त रुख
सूत्रों के अनुसार, बीडीओ गरिमा अग्रवाल की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें जिला प्रशासन से लेकर प्रदेश सरकार तक पहुंची थीं।
इन शिकायतों में विभागीय स्तर पर अनैतिक दबाव बनाकर लाभ लेने, भय दिखाने और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ असहज व्यवहार जैसे आरोप शामिल बताए गए हैं।
शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शासन स्तर के उच्चाधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया।
विशेष सचिव का आदेश, तत्काल प्रभाव से संबद्धता
प्रदेश शासन में विशेष सचिव रजनीश चंद्र द्वारा जारी आदेश में बीडीओ को तत्काल प्रभाव से आयुक्त ग्राम्य विकास कार्यालय लखनऊ में उपस्थित होकर अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के मुताबिक, उन्हें अपने वर्तमान दायित्वों से मुक्त करते हुए संबद्धता लागू की गई है।
पहले भी बदले जा चुके हैं तैनाती ब्लॉक
गौरतलब है कि गरिमा अग्रवाल जहां-जहां तैनात रहीं, वहां भी उन पर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि पूर्व में भी शिकायतों के चलते उनके ब्लॉक बदले जाते रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने बबेरू ब्लॉक में कार्यभार ग्रहण किया था, लेकिन यहां भी ज्यादा समय तक विवादों से बच नहीं सकीं। ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों, अधीनस्थ कर्मचारियों और आमजन के साथ व्यवहार को लेकर भी उनकी कार्यशैली पर सवाल उठते रहे हैं।
प्रशासनिक हलकों में हलचल
बांदा जनपद में इस कार्रवाई को गंभीर संकेत के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि शासन अब विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।
फिलहाल, बीडीओ गरिमा अग्रवाल को लखनऊ कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।
Also Read: उन्नाव: एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराईं रोडवेज बसें, तीन की मौत, 31 घायल

