Banda News: नाले में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, एक को बचाने के प्रयास में गई दोनों की जान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र के परसौड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की नाले में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे पास के मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसौड़ा गांव निवासी पप्पू के दो बेटे — लवकुश (12) और किशन (10) — भारी बारिश के बीच मंदिर जा रहे थे। रास्ते में नाले का जलस्तर उफान पर था। इसी दौरान लवकुश का पैर फिसल गया और वह नाले में गिर पड़ा।

उसे डूबता देख छोटा भाई किशन उसे बचाने के लिए नाले में कूद गया। दुर्भाग्यवश, तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों ही डूब गए।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गांववालों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही बांदा के डीएसपी राजवीर सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

वहीं, प्रदेश सरकार के मंत्री रामकेश निषाद ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है।

Also Read: Firozabad News: स्कूल संचालक ने जांच करने पहुंचीं अधिकारी से की अभद्रता, हिरासत में आरोपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.