बांग्लादेश में नई सरकार का आगाज, सांसदों ने ली शपथ, शाम को तारिक रहमान बनेंगे प्रधानमंत्री
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश की 13वीं नेशनल पार्लियामेंट (संसद) के नवनिर्वाचित सदस्यों ने आज लोकतंत्र की नई इबारत लिखते हुए पद और गोपनीयता की शपथ ली। मंगलवार सुबह ढाका स्थित नेशनल पार्लियामेंट के साउथ प्लाजा में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने सभी सांसदों को शपथ दिलाई।
स्थानीय समय के अनुसार सुबह 10:42 बजे शुरू हुए इस समारोह में करीब 1,000 से अधिक देशी-विदेशी अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र कुरान के पाठ से हुई। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
शाम 4 बजे राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन, नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए भारत, चीन और पाकिस्तान समेत 13 प्रमुख देशों को न्यौता भेजा गया है। भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिश्री विशेष रूप से ढाका पहुंचे हैं।
एक तरफ जहाँ नई सरकार के गठन का जश्न है, वहीं दूसरी तरफ संवैधानिक सुधारों को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने सत्ता में आते ही अंतरिम सरकार के ‘जुलाई चार्टर’ और जनमत संग्रह को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।
मंगलवार को ही तारिक रहमान सहित बीएनपी के सांसदों ने संवैधानिक सुधार आयोग के सदस्य के रूप में शपथ लेने से साफ मना कर दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता सलाहुद्दीन अहमद ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी इस प्रक्रिया को मान्यता नहीं देती। बीएनपी के इस अड़ियल रुख ने नोबेल विजेता डॉ. यूनुस की अंतरिम सरकार द्वारा प्रस्तावित लोकतांत्रिक सुधारों (जुलाई चार्टर) के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है।
Also Read: 114 राफेल की चर्चा के बीच रूस ने दिया 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट SU-57 का ऑफर

