बांग्लादेश में हिंदू परिवार बजेंद्र बिस्वास की गोली मारकर हत्या, 15 दिनों में तीसरी बड़ी वारदात
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में सोमवार शाम एक हिंदू सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय बजेंद्र बिस्वास के रूप में हुई है, जो एक गारमेंट फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात थे। हैरान करने वाली बात यह है कि गोली चलाने वाला शख्स उनका अपना ही साथी नोमान मियां है।
यह दुखद घटना सोमवार शाम करीब पौने सात बजे भालुका उपजिला स्थित ‘सुल्ताना स्वेटर्स लिमिटेड’ की गारमेंट यूनिट में हुई। बजेंद्र बिस्वास और आरोपी नोमान मियां दोनों ही फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड थे और परिसर के भीतर ही अंसार बैरक में रहते थे। पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान अचानक नोमान ने अपनी सरकारी शॉटगन बजेंद्र पर तान दी और गोली चल गई। गोली बजेंद्र की जांघ में लगी, जिसके बाद अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।
मजाक या साजिश, पुलिस कर रही जांच
शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स और चश्मदीदों के हवाले से कहा जा रहा है कि आरोपी ने कथित तौर पर मजाक में बंदूक तानी थी, जो चल गई। हालांकि, बांग्लादेश के मौजूदा हालातों और हिंदुओं पर हो रहे हमलों को देखते हुए इस थ्योरी पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने 29 वर्षीय आरोपी नोमान मियां को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
मैमनसिंह जिला पिछले कुछ दिनों से हिंदुओं के लिए बेहद असुरक्षित साबित हो रहा है। कुछ ही दिनों पहले इसी जिले में ईशनिंदा के झूठे आरोप में दीपू चंद्र दाय की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पिछले दो हफ्तों के भीतर किसी हिंदू की हत्या का यह तीसरा मामला है। एक अन्य घटना में एक युवक को गोली मारकर उसकी लाश पेड़ से लटकाकर जला देने की खबरें भी सामने आई हैं।
बजेंद्र बिस्वास सिलहट जिले के कादिरपुर गांव के रहने वाले थे और अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए मैमनसिंह में नौकरी कर रहे थे। उनकी मौत के बाद उनके पैतृक गांव और बांग्लादेश के हिंदू समुदायों में गहरा शोक और गुस्सा व्याप्त है।
Also Read: सोनभद्र कफ सिरप तस्करी कांड: मुख्य सरगना शुभम जायसवाल समेत 4 आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम

