बांग्लादेश में एक और हत्या, पेट्रोल पंप कर्मचारी को बीएनपी नेता ने कार से कुचला

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजबाड़ी जिले से सामने आया है, जहाँ एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले 30 वर्षीय हिंदू युवक, रिपन साहा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक रसूखदार नेता ने बहस के बाद रिपन को अपनी भारी-भरकम गाड़ी के नीचे कुचल दिया।

घटना शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे की है। पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, बीएनपी का पूर्व जिला कोषाध्यक्ष और जूबो दल का पूर्व अध्यक्ष अबुल हाशेम सुजन अपनी ‘लैंड क्रूजर’ जीप में ईंधन भरवाने आया था। उसने पंप से करीब 5,000 टका का तेल भरवाया, लेकिन जब पैसे देने की बारी आई, तो वह बिना भुगतान किए भागने लगा। कर्मचारी रिपन साहा ने जब गाड़ी रोककर पैसे मांगे, तो सुजन और उसके ड्राइवर कमल हुसैन ने पहले तो गालियां दीं और फिर गुस्से में रिपन के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।

सीसीटीवी ने खोली पोल

सीसीटीवी फुटेज में यह साफ दिख रहा है कि रिपन को जानबूझकर कुचला गया। गाड़ी इतनी रफ्तार में थी कि रिपन का सिर और चेहरा बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए और रिपन का लहूलुहान शव ढाका-खुलना हाईवे पर पड़ा मिला।

मामले के तूल पकड़ने के बाद राजबाड़ी सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अबुल हाशेम सुजन और उसके ड्राइवर कमल हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई काली लैंड क्रूजर जीप को भी जब्त कर लिया गया है।

Also Read: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर, गुजरात की महिला सिपाही समेत 5 की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.