बांग्लादेश का नया ड्रामा, अंडर-19 वर्ल्ड कप में ‘नो हैंडशेक’ विवाद पर जारी किया बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और बांग्लादेश के मुकाबले के दौरान हुआ ‘नो हैंडशेक’ विवाद सुर्खियों में आ गया है।
17 जनवरी को खेले गए इस मैच में टॉस के समय दोनों टीमों के कप्तानों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा शुरू हो गई। अब इस पूरे मामले पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आधिकारिक बयान जारी कर सफाई दी है।
BCB ने दी सफाई
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि भारतीय कप्तान से हाथ न मिलाने की घटना अनजाने में हुई। बोर्ड के मुताबिक, बांग्लादेश अंडर-19 टीम के नियमित कप्तान अजीजुल हाकिम बीमारी के कारण टॉस के समय मैदान पर मौजूद नहीं थे।

उनकी जगह उपकप्तान जवाद अबरार ने टॉस की जिम्मेदारी निभाई। बीसीबी ने स्पष्ट किया कि इस घटना के पीछे भारतीय टीम के प्रति किसी भी तरह के अनादर का कोई इरादा नहीं था।
बीसीबी ने यह भी कहा कि वह इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। खेल भावना बनाए रखना और विपक्षी टीम व खिलाड़ियों के प्रति सम्मान दिखाना बांग्लादेश क्रिकेट की मूल सोच है।
बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों को भविष्य में ऐसी स्थितियों में अधिक सतर्क रहने और खेल भावना का पालन करने की याद दिलाई है।
मैदान पर क्या हुआ था?
17 जनवरी को भारत और बांग्लादेश के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला गया। हल्की बारिश के कारण टॉस में देरी हुई। जब दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान पर आए, तो किसी ने भी एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, लेकिन इसके बाद भी दोनों कप्तानों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ और वे सीधे अपने-अपने ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए। इसी घटना को लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है।
Also Read: स्टार कपल का रियल एस्टेट विस्तार, अलीबाग में किया बड़ा प्रॉपर्टी निवेश

