बैंक ऑफ इंडिया ने अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप के अकाउंट को किया घोषित फ्रॉड
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बाद अब बैंक ऑफ इंडिया (BOI) ने भी रिलायंस कम्युनिकेशंस और रिलायंस टेलीकॉम के साथ-साथ प्रमोटर अनिल अंबानी के अकाउंट्स को फ्रॉड (धोखाधड़ी) घोषित कर दिया है। बैंक ने आरोप लगाया है कि इन कंपनियों ने लोन का इस्तेमाल उन कामों के लिए नहीं किया जिनके लिए उन्हें यह लोन दिया गया था।
725 करोड़ रुपये का बकाया, कंपनी ने दिया जवाब
बैंक ऑफ इंडिया ने रिलायंस कम्युनिकेशंस को भेजे गए एक नोटिस में कहा है कि अनिल अंबानी और मंजरी आशिक कक्कड़ के लोन अकाउंट को 724.78 करोड़ रुपये के बकाए के लिए ‘फ्रॉड’ करार दिया गया है। बैंक ने बताया कि यह खाता 30 जून 2017 को ही एनपीए (NPA) हो गया था, और बार-बार संपर्क करने के बावजूद कंपनी ने बकाया राशि का भुगतान नहीं किया।
इसके अलावा, रिलायंस टेलीकॉम को भेजे गए नोटिस में 51.77 करोड़ रुपये के लोन चूक के लिए कंपनी के खाते और निदेशकों ग्रेस थॉमस और सतीश सेठ के खातों को भी ‘फ्रॉड’ घोषित किया गया है।

अनिल अंबानी ने आरोपों को नकारा, SBI पर उठाए सवाल
इस मामले में शनिवार को अनिल अंबानी के आवास पर सीबीआई ने भी छापेमारी की थी। इस पर कंपनी के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि अनिल अंबानी सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हैं और कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेंगे। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि एसबीआई की शिकायत दस साल पुरानी है, जब अनिल अंबानी केवल एक गैर-कार्यकारी निदेशक थे और कंपनी के रोजमर्रा के कामों में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।
Also Read: Varanasi News: एयरपोर्ट पर इटली का पर्यटक सैटेलाइट फ़ोन के साथ पकड़ा गया, घंटों चली पूछताछ

