Bank Strike टली! 28-30 सितंबर को नहीं बंद होंगे बैंक, IBA-UFBU बैठक में बनी सहमति
Bank Strike 2026: बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (Indian Banks’ Association) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। बैंक कर्मचारी और अधिकारी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह (Five-Day Banking) समेत अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने वाले थे।
यूएफबीयू ने इससे पहले 28, 29 और 30 सितंबर को देशभर में बैंकिंग सेवाएं बंद रखने का आह्वान किया था। इस हड़ताल में करीब 8 लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी शामिल होने वाले थे। देशभर की 1.81 लाख से ज्यादा बैंक शाखाओं पर इसका असर पड़ सकता था। इससे पहले 11 सितंबर को भी बैंक यूनियनों ने एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की थी।
पांच दिन की बैंकिंग पर बनेगी हाईलेवल कमेटी
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन के अध्यक्ष आर. सेकरन ने बताया कि आईबीए पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग की समीक्षा के लिए एक हाईलेवल कमेटी बनाने पर तैयार हो गया है। इस समिति में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
समिति सभी संबंधित पक्षों से बातचीत के बाद पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने की मांग पर विचार करेगी। यही बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में शामिल है।
पेंशन और OPS समेत कई मांगें लंबित
बैंक कर्मचारी संगठनों की मांग सिर्फ पांच दिवसीय बैंकिंग तक सीमित नहीं है। यूनियनें पेंशन लाभों में सुधार, सभी पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता (DA) फॉर्मूला और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) में शामिल कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में लौटने का विकल्प देने की मांग कर रही हैं।
वहीं, वित्त मंत्रालय ने कर्मचारियों से हड़ताल के बजाय बातचीत के जरिए लंबित मुद्दों को सुलझाने की अपील की थी। मंत्रालय का कहना था कि यूनियनों की कई चिंताओं का काफी हद तक समाधान किया जा चुका है। प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना को वापस लेने की मांग पर भी चर्चा के बाद इस महीने इसे स्थगित किया जा चुका है।
हड़ताल (Bank Strike) टलने के बाद फिलहाल बैंकिंग सेवाओं पर तीन दिनों तक बंदी का खतरा टल गया है। अब निगाहें हाईलेवल कमेटी की बातचीत और पांच दिवसीय बैंकिंग पर आगे होने वाले फैसले पर रहेंगी।
Also Read: LPU में फिर बवाल, छात्रों ने गेट तोड़ा, जालंधर में हजारों ने हाईवे किया जाम, पुलिस से नहीं बनी बात

