बांके बिहारी मंदिर: यूट्यूबर्स के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, केवल मान्यता प्राप्त मीडिया को मिलेगी अनुमति
Sandesh Wahak Digital Desk: होली और रंगभरनी एकादशी के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए सख्त कदम उठाए हैं। मंदिर की हाई पावर कमेटी ने स्पष्ट किया है कि मंदिर परिसर के भीतर अव्यवस्था फैलाने वाले यूट्यूबर्स और अनधिकृत सोशल मीडिया संचालकों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
मीडिया और यूट्यूबर्स के लिए नए निर्देश
मंदिर हाई पावर कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार और जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने संयुक्त आदेश जारी किया है। अनाधिकृत, अपंजीकृत और भ्रांति फैलाने वाले यूट्यूबर्स एवं सोशल मीडिया संचालकों को मंदिर परिसर में प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इनके कारण श्रद्धालुओं को दर्शन में असुविधा होती है और भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) में बाधा आती है। मान्यता प्राप्त, पंजीकृत और अधिकृत मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर कोई रोक नहीं है। वे नियमों के पालन के साथ मंदिर परिसर में कवरेज कर सकेंगे।
रंगभरनी एकादशी: नगर आयुक्त का स्थलीय निरीक्षण
आगामी रंगभरनी एकादशी और होली उत्सव को देखते हुए नगर आयुक्त जग प्रवेश ने वृंदावन क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छटीकरा से विद्यापीठ और अटला चुंगी मार्गों तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जोनल सेनेटरी ऑफिसर को स्पष्ट कहा गया है कि मंदिरों के पास कूड़े के ढेर न दिखें। नगर क्षेत्र में लगे सभी अवैध होर्डिंग्स और बैनरों को तत्काल हटाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, सीवर लीकेज, पैच वर्क और स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ नियंत्रण की तैयारी
होली के दौरान लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर मजबूत बैरिकेडिंग की जा रही है। सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक और उनकी टीम निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी कर रही है ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की चोट या असुविधा न हो।
Also Read: यूपी के 20 बड़े शहर होंगे जाम मुक्त: DGP का ‘CFD’ एक्शन प्लान तैयार, नई SOP के साथ हटेंगे अतिक्रमण

