यूएई में बोलीं बांसुरी स्वराज, सिंदूर अब न्याय और शक्ति का प्रतीक बन गया है

Operation Sindoor Outreach: आतंकवाद के खिलाफ भारत ने अपनी निर्णायक लड़ाई की शुरुआत कर दी है। इस वैश्विक अभियान के तहत, भारत ने उच्च स्तरीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों को विभिन्न देशों में भेजना शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य भारत की आतंकवाद विरोधी नीति और उसकी सैन्य कार्रवाईयों का संदेश दुनिया तक पहुंचाना है। इसी क्रम में, पहला प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचा, जिसकी अगुवाई शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे कर रहे हैं।

यूएई में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए बीजेपी नेता और सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, आज सिंदूर केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि न्याय और शक्ति का प्रतीक बन चुका है। यह हमारे सशस्त्र बलों की वीरता और देश की रक्षा में उनके योगदान का प्रतीक है। मैं उनके साहस को नमन करती हूं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करती हूं।

भारतीय प्रवासियों को बताया ब्रह्मास्त्र

बांसुरी स्वराज ने भारतीय प्रवासियों की भूमिका को बेहद अहम बताते हुए कहा कि वे भारत के लिए विदेशों में एक मजबूत आवाज हैं। उन्होंने प्रवासियों से आह्वान किया कि वे अपने समुदायों, कार्यस्थलों और पूजा स्थलों में भारत का वास्तविक संदेश फैलाएं कि भारत किसी पर हमला नहीं करता, लेकिन यदि कोई भारत पर हमला करता है, तो हम उसे करारा जवाब जरूर देंगे। उन्होंने 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले को हमारी आस्था और अस्तित्व पर बर्बर हमला बताया और कहा कि इसके जवाब में भारत ने नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया। लेकिन पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ खड़े होने के बजाय सैन्य टकराव को बढ़ावा दिया। स्वराज ने कहा कि भारत की प्रतिक्रिया बेहद संयमित और परिपक्व रही है, जबकि पाकिस्तान ने हमारे धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर अपनी मंशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक मंच पर आतंकवाद के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।

Indian diplomacy

सोशल मीडिया पर प्रोपेगेंडा के खिलाफ भारत का रुख

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने सोशल मीडिया पर फैल रहे दुष्प्रचार को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, नकारात्मक खबरें तेज़ी से फैलती हैं, लेकिन हम सकारात्मकता के साथ जवाब दे रहे हैं। आने वाले 13-14 दिनों में हमारा यह अभियान पाकिस्तान के झूठे प्रचार को बेनकाब कर देगा।

चार देशों की कूटनीतिक यात्रा का पहला पड़ाव: यूएई

यूएई में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सहिष्णुता और सह-अस्तित्व मंत्री शेख नाहयान मुबारक अल नाहयान से भी मुलाकात की। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले पर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस प्रतिनिधिमंडल में बांसुरी स्वराज के साथ सांसद ईटी मोहम्मद बशीर, अतुल गर्ग, सस्मित पात्रा, मनन कुमार मिश्रा, सुरेंद्रजीत सिंह अहलूवालिया और पूर्व राजदूत सुजान चिनॉय भी शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल ने सीमा पार आतंकवाद और भारत में सामाजिक वैमनस्य फैलाने के पाकिस्तान के प्रयासों को भी वैश्विक स्तर पर उजागर करने का संकल्प दोहराया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.