Barabanki News: लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे टोल प्लाजा पर हाईकोर्ट अधिवक्ता की पिटाई से भड़के वकील, बूम बैरियर तोड़े

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर स्थित बारा टोल प्लाजा गुरुवार को जंग का अखाड़ा बन गया। बुधवार को एक हाईकोर्ट अधिवक्ता के साथ टोल कर्मियों द्वारा की गई बेरहमी से मारपीट के विरोध में आज सैकड़ों वकील सड़क पर उतर आए। गुस्से से आगबबूला वकीलों ने टोल प्लाजा पर जमकर तोड़फोड़ की, जिसे देख टोल कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए।

यह पूरी घटना बुधवार को तब शुरू हुई जब प्रयागराज हाईकोर्ट के अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला अपनी कार से लखनऊ हाईकोर्ट जा रहे थे। बारा टोल प्लाजा पर पहुंचने पर पता चला कि उनके फास्टैग में बैलेंस खत्म हो गया है। वकील ने नकद पैसे देकर रसीद कटाने की बात कही। इसी मामूली बात पर बहस इतनी बढ़ी कि टोल कर्मियों ने आपा खो दिया और अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला पर हमला बोल दिया। उन्हें सड़क पर बेरहमी से पीटा गया, जिसकी खबर फैलते ही वकीलों में आक्रोश फैल गया।

घटना के विरोध में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हैदरगढ़ तहसील बार के बड़ी संख्या में वकील एकजुट होकर टोल प्लाजा पहुंचे। वकीलों का रूप इतना उग्र था कि उन्होंने टोल के सभी बूम बैरियर तोड़ डाले और वहां मौजूद केबिनों में भी तोड़फोड़ की। वकीलों के साथ इस प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ता भी शामिल हो गए, जिससे मामला और गरमा गया।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आया। पीड़ित वकील की तहरीर पर 4 नामजद और 10 अज्ञात टोल कर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात है ताकि स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सके।

Also Read: कौन हैं स्विंग के ‘किंग’ हेनिल पटेल? U-19 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में झटके 5 विकेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.