Barabanki News: फिशरीज लूटकांड का खुलासा, स्वाट और पुलिस टीम ने 8 बदमाशों को दबोचा
Barabanki News: बाराबंकी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले की स्वाट, सर्विलांस और जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मिलकर फिशरीज में हुई लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से मुख्य आरोपी उसी संस्थान का कर्मचारी निकला।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चंद्र त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इस लूट का मुख्य सूत्रधार राजकुमार उर्फ प्रज्ञा दीप रंजन उर्फ राज है। वह फिशरीज में ही काम करता था, इसलिए उसे वहां की सुरक्षा और पैसों की पूरी जानकारी थी। राज ने ही अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों में से तीन शातिर अपराधी हैं। उनके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में चोरी और लूट जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इन बदमाशों के पास से लूट का माल और अन्य साक्ष्य बरामद करने की कोशिश कर रही है।
लूट की इस बड़ी वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वाट और सर्विलांस टीमों को जहांगीराबाद पुलिस के साथ लगाया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
Also Read: दिल्ली में फर्जी IPS गिरफ्तार, IB अफसर बनकर झाड़ता था रौब

