Barabanki News: शोएब उर्फ बॉबी की हाईवे पर घेराबंदी कर हत्या, 15 राउंड फायरिंग से मची दहशत
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार दोपहर को एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शोएब किडवई उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। हाईवे पर हुई इस भीषण गोलीबारी से राहगीरों में भगदड़ मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शोएब दोपहर के समय लखनऊ से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी कार देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास पहुंची, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने बिना मौका दिए कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई, जिससे शोएब को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह कार के भीतर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शोएब को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुँची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कारतूसों के कई खोखे बरामद किए हैं।
कौन था शोएब उर्फ बॉबी
शोएब का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है। चर्चित जेलर हत्याकांड समेत कई बड़े आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आ चुका था। इलाके में उसकी पहचान एक ‘शार्प शूटर’ के तौर पर थी।
शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। जिस तरह से पेशेवर तरीके से इस मर्डर को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। पुलिस महानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया है। हमलावरों की पहचान के लिए हाईवे के आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है और विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है।
Also Read: करोड़पति निकला कनिष्ठ सहायक, ACB के छापे में 75 लाख कैश, 1 किलो सोना और आलीशान बंगले का खुलासा

