Barabanki News: किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा बुढ़वल रेलवे पुल, गहरे गड्ढों से दहशत में राहगीर
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले की रामनगर तहसील क्षेत्र के बुढ़वल चौराहे से फतेहपुर जाने वाले डामर मार्ग पर बना रेलवे पुल हादसों का कारण बनता जा रहा है। पुल पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के चलते अब तक सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं। सबसे अधिक परेशानी बाइक सवारों को झेलनी पड़ रही है, जो संतुलन खोकर आए दिन गिर जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पुल पर करीब एक दर्जन गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं, लेकिन सभी को हमेशा हादसे का भय सताता रहता है। रात के समय हालात और खतरनाक हो जाते हैं क्योंकि अंधेरे में गड्ढे नज़र नहीं आते और कई लोग घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों की नाराज़गी
स्थानीय निवासी रवि मिश्रा, आशीष दीक्षित, बब्बू मिश्रा, गोपी दीक्षित, रितेश मिश्रा और पंकज शुक्ला ने बताया कि पुल की हालत वर्षों से खराब है। कई बार रेलवे विभाग और लोक निर्माण विभाग से शिकायतें की गईं, लेकिन आज तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि अगर तुरंत सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर अरविंद वर्मा का कहना है कि “पुल पर मिट्टी की बोरियां लगवाई जा रही हैं। जल्द ही मरम्मत कराया जाएगा और साइड में दीवार भी बनाई जाएगी।”
वहीं, अवर अभियंता शैलेंद्र पाल ने स्पष्ट किया कि यह पुल रेलवे विभाग का है और मरम्मत की जिम्मेदारी भी रेलवे की है। उन्होंने बताया कि रेलवे अधिकारियों से टेलिफोनिक वार्ता की गई है और लिखित पत्र भी भेजा गया है। फिलहाल, पीडब्ल्यूडी कर्मचारी डामर मार्ग के दोनों किनारों पर बोरी लगाकर अस्थायी मरम्मत का काम कर रहे हैं।
लोगों में दहशत बरकरार
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागों के बीच जिम्मेदारी का पेंच चलता रहा तो किसी बड़ी दुर्घटना को रोकना मुश्किल हो जाएगा। लोगों ने मांग की है कि तुरंत कार्रवाई करते हुए पुल की मरम्मत कराई जाए, ताकि राहगीरों की जान पर मंडरा रहा खतरा टल सके।
Also Read: UP News: सीबीआई का शिकंजा, करोड़ों की अवैध वसूली का अड्डा था सीबीएन का दफ्तर

