Barabanki News: कॉलेज जा रही छात्राओं से दिनदहाड़े छेड़छाड़, विरोध करने पर युवक को बेरहमी से पीटा
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले के रामनगर क्षेत्र में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज से घर लौट रही दो छात्राओं से बाइक सवार चार मनचलों ने दिनदहाड़े छेड़छाड़ की। जब एक युवक ने इसका विरोध किया, तो उसे बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

क्या है पूरा मामला?
यह घटना रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर गौन्दौरा गांव मोड़ के पास हुई। दोपहर के समय कॉलेज से लौट रही दो छात्राओं को बाइक सवार चार लड़कों ने परेशान करना शुरू कर दिया। छात्राओं के विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें धमकाया। उसी दौरान पास की एक दुकान पर मौजूद मारुति नंदन मिश्रा ने जब मनचलों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने मिलकर मारुति नंदन को बुरी तरह पीटा, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो आरोपी भाग निकले। घायल मारुति नंदन को तुरंत रामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम तुरंत पहुंची, लेकिन स्थानीय एसआई अखिलेश कुमार को मौके पर पहुंचने में देर लगी, जबकि थाना सिर्फ दो किलोमीटर दूर था।
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर गुस्सा जताते हुए कहा कि पुलिस का डर खत्म हो चुका है, यही वजह है कि अपराधी बेखौफ होकर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Also Read: Barabanki News: लापरवाही पर सख्त हुए जिलाधिकारी, बिना सूचना गैरहाजिर अधिकारी का रोका वेतन

