Barabanki News: DM ने किया ध्वस्तीकरण कार्यों का निरीक्षण, 60 से अधिक मकान-दुकानें हटाई गईं

Sandesh Wahak Digital Desk: श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में प्रस्तावित महादेवा कॉरिडोर निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंदिर परिसर और आसपास की अधिग्रहीत संपत्तियों के ध्वस्तीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अब तक 60 से अधिक मकान और दुकानें ढहाई जा चुकी हैं, जबकि बाकी परिसंपत्तियों पर काम तेज़ी से चल रहा है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस के अभियंता, तहसीलदार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक कॉरिडोर

डीएम ने मौके पर कार्यदायी संस्था द्वारा तैयार की गई लेआउट और डिजाइन देखी और अधिकारियों से जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महादेवा कॉरिडोर परियोजना का मकसद श्रद्धालुओं को बेहतर, सुगम और आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य ड्रॉइंग के अनुरूप, योजनाबद्ध तरीके से और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं ताकि शिलान्यास से पहले सारी तैयारियां मुकम्मल हो सकें।

डीएम ने कहा कि कॉरिडोर निर्माण के दौरान पेड़ों को बचाने की हरसंभव कोशिश की जाएगी, ताकि परिसर का वातावरण हराभरा बना रहे। साथ ही उन्होंने मार्ग, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा का भी अवलोकन किया। इसके लिए परिसर के आसपास की रिक्त भूमि का निरीक्षण कर अधिकारियों को एक समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुआवजा और अधिग्रहण पर ज़ोर

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की ओर से अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की कार्रवाई तेज़ रफ़्तार से की जा रही है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को मानक और गुणवत्ता के अनुरूप समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि कॉरिडोर के बन जाने के बाद महादेवा धाम आने वाले श्रद्धालुओं को एक व्यवस्थित, सुंदर और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और इससे धार्मिक पर्यटन को भी नया आयाम प्राप्त होगा।

Also Read: Barabanki News: DM की जांच पर सपा ने उठाए सवाल, कहा- तीन माह के लिए काटे नाम, बाद में जोड़े

Get real time updates directly on you device, subscribe now.