Barabanki News: पहले दोस्तों ने पिलाई शराब, फिर 40 हजार लूटकर चौथी मंजिल से युवक को फेंका
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले के के आवास विकास कॉलोनी स्थित कांशीराम कॉलोनी में सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि कॉलोनी में रहने वाले दो युवकों ने पहले मोनू (25) को शराब पिलाई और फिर उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया। घायल युवक को ठेले के सहारे अस्पताल ले जाया गया। परिजनों ने अस्पताल में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।
कॉलोनी के मकान संख्या 5/75 निवासी राकेश ने बताया कि उनका बेटा मोनू काम से लौट कर आया था, तभी महताब अली और निहाल नामक युवकों ने उसे दोस्ती के बहाने बुलाया और छत पर ले जाकर शराब पिलाई। राकेश का आरोप है कि मोनू के पास रखे 40 हजार रुपये लूटने के बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया गया।
गंभीर रूप से घायल मोनू को परिजन तुरंत ठेले पर लादकर अस्पताल के लिए निकले। रास्ते में ठेला बंद हो गया तो दो बाइक सवार युवकों ने चलते-चलते बाइक से धक्का देकर किसी तरह उसे अस्पताल तक पहुंचाया।
अस्पताल में भर्ती के दौरान परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्रभारी निरीक्षक आरके राना ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: तेजस्वी यादव दूसरी बार बने पिता, पत्नी राजश्री ने बेटे को दिया जन्म

