Barabanki News: तेज रफ्तार डबल डेकर बस पलटी, 35 से ज्यादा यात्री घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के धरौली गांव के पास आधी रात के बाद गोरखपुर से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ढाई दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही एएसपी, एसडीएम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

तेज रफ्तार और मोड़ पर बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस काफी तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। बस सड़क किनारे पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग बस में फंस गए, जिन्हें पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बाहर निकाला।

घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल बाराबंकी भेजा गया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
एएसपी और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। बस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।
चालक फरार, जांच जारी
हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक मोड़ पर संतुलन बिगड़ना कारण माना जा रहा है।

