Barabanki News: ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज मामला, दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के बाहर प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के मामले में दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हुई जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जिन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, उनमें चौकी इंचार्ज गजेंद्र विक्रम सिंह, मुख्य आरक्षी पवन यादव, सौरभ सिंह और सिपाही विनोद यादव शामिल हैं। आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार ने लाठीचार्ज की वीडियो फुटेज के आधार पर अपनी अंतरिम रिपोर्ट डीजीपी को सौंपी थी, जिसके बाद एसपी बाराबंकी ने इन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की।
जांच का दायरा बढ़ा
लाठीचार्ज के दौरान पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आईजी की जांच रिपोर्ट में सीओ सिटी हर्षित चौहान और इंस्पेक्टर आरके राणा की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि घटना के बाद मुख्यमंत्री के आदेश पर सीओ को हटा दिया गया था, जबकि इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया था। इस मामले की अंतिम रिपोर्ट जांच पूरी होने के बाद सौंपी जाएगी। विश्वविद्यालय द्वारा बिना मान्यता के एलएलबी कोर्स चलाने के मामले की जांच भी कमिश्नर अयोध्या को सौंपी गई थी। उनकी रिपोर्ट के बाद विश्वविद्यालय के खिलाफ बाराबंकी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
छात्रों ने लगाया हमले का आरोप
छात्रों का कहना है कि वे केवल फैकल्टी और स्टाफ की आवाजाही रोककर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच, विश्वविद्यालय के गेट के अंदर से कुछ लोग आए और उन्होंने छात्रों पर हमला कर दिया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। छात्रों का आरोप है कि उन्हें भड़काने की साजिश रची गई। बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि लाठीचार्ज में शामिल दो और सिपाहियों की पहचान की गई है और उनकी जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: SGPGI ने NIRF रैंकिंग में लगाई ऊंची छलांग, भारत के शीर्ष 5 मेडिकल संस्थानों में शामिल

