Barabanki News: इंटरसिटी एक्सप्रेस से उठा धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक रेल हादसा होते-होते बच गया, जब गोंडा से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस से अचानक धुआं उठने लगा। यह घटना बुढ़वल रेलवे स्टेशन के पास रामनगर–फतेहपुर मार्ग के ओवरब्रिज के निकट हुई। ट्रेन की एक बोगी के पहिए से अचानक धुआं निकलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी और घबराहट फैल गई।

धुआं देखते ही सतर्क हुए यात्री और चालक

यहां जैसे ही यात्रियों ने धुआं उठते देखा, उन्होंने तुरंत ट्रेन के चालक को इसकी सूचना दी। चालक ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को नियंत्रित ढंग से रोक दिया। सुरक्षा के लिहाज से सभी यात्री तुरंत बोगियों से बाहर निकल आए और रेलवे ट्रैक के किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़े हो गए। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर हड़कंप जैसा माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची रेलवे और जीआरपी की टीम

वहीं सूचना मिलते ही रेलवे की टेक्निकल टीम और जीआरपी मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित बोगी के पहिए में लगे ब्रेक शू के चिपक जाने से घर्षण बढ़ गया था, जिसके कारण धुआं उठा। रेलवे अधिकारियों ने इसे एक सामान्य तकनीकी समस्या बताया, जिसे मौके पर ही तकनीकी कर्मचारियों ने ठीक कर दिया।

चैन पुलिंग कर रोकी गई थी ट्रेन

वहीं जीआरपी चौकी इंचार्ज जयंत दुबे ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया। उन्होंने कहा कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। रेलवे की सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया।

टेक्निकल टीम द्वारा ब्रेक शू बदले जाने और पहिए की जांच के बाद ट्रेन को दोबारा सुरक्षित रूप से लखनऊ की ओर रवाना कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 20 से 25 मिनट का विलंब हुआ।

 

Also Read: Lucknow News: छात्रा से इंस्टाग्राम की दोस्ती, मिलने के बहाने बुलाया और बंधक बनाकर दो दिनों तक किया गैंगरेप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.