Barabanki News: वीडियो कॉल पर बात करते-करते लगा ली फांसी, युवक की मौत
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने सभी को झकझोर दिया। लखनऊ के बाजारखाला क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
मधुबन लॉज के कमरे में मिला शव
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बाराबंकी शहर के छाया चौराहे के पास स्थित मधुबन लॉज की है, जहां देर रात कर्मचारियों ने एक युवक को फंदे पर लटका देखा। यह नजारा देखते ही कर्मचारियों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के भीतर युवक का शव फंदे से लटका हुआ पाया, जबकि पास में उसका मोबाइल फोन पड़ा मिला।
मोबाइल से हुई युवक की पहचान
पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल की जांच की तो मृतक की पहचान लखनऊ के टिकैतराय कॉलोनी, बाजारखाला निवासी शशांक सक्सेना (35) के रूप में हुई। पुलिस ने परिवार से संपर्क साधा और घटना की जानकारी दी। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शशांक घटना के समय वीडियो कॉल पर अपने परिवार से बातचीत कर रहा था। उसी दौरान उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे प्रकरण की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
परिवार में मचा कोहराम
इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन सदमे में हैं और घर में मातम का माहौल है। उधर, घटना के बाद मधुबन लॉज में भी हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस प्रशासन मामले की हर पहलू से जांच कर रहा है ताकि इस दर्दनाक घटना की सच्चाई साफ हो सके।
Also Read: लखनऊ: पीएम मोदी ने ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का किया भ्रमण, महापुरुषों की गैलरियों का अवलोकन

