Barabanki News: जैदपुर पुलिस ने किया लूटकांड का खुलासा, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

कॉपर तार, मोबाइल और नकदी समेत लाखों का सामान बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले की पुलिस ने लूटकांड की गुत्थी सुलझाते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। स्वाट, सर्विलांस और थाना जैदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से 15 किलो से अधिक कॉपर तार, हैवेल्स का तार बंडल, पांच मोबाइल फोन, एक बाइक, औजार और नकदी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने इसे टीम की बड़ी सफलता बताया है।

निर्माणाधीन आटा मिल के पास की थी लूट

14 अगस्त को जैदपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन आटा मिल के पास राजबहादुर नामक व्यक्ति से कॉपर तार, मोबाइल और नकदी की लूट हुई थी। इस मामले में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने पड़ताल शुरू की थी।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान

गिरफ्तार बदमाशों में सुभाष चौहान निवासी तिलपुरा (मसौली), रानू सिंह निवासी रसूलपुर (कोतवाली नगर) और अनवर अली निवासी धौरहरा, सिद्धार्थनगर (हाल निवासी लखनऊ) शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह दिन में रेकी कर रात को लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। बरामद सामान लखनऊ में कबाड़ी अनवर अली को बेच दिया जाता था।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 4 मई 2025 को रामसनेहीघाट क्षेत्र के दिलौना गांव में भी चोरी की थी, जिसमें जनरेटर, इनवर्टर, बैटरी और एलसीडी टीवी पार कर दिए थे। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज है। एक अन्य आरोपी रौनक वर्मा फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला

पुलिस के मुताबिक सुभाष चौहान के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी में चोरी व आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, रानू सिंह पर कोतवाली नगर थाने में दहेज हत्या का केस भी दर्ज है। इस खुलासे में स्वाट प्रभारी ब्रजकिशोर सिंह, सर्विलांस प्रभारी अजय सिंह और जैदपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।

Also Read: Mau News: मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कोर्ट में किया सरेंडर, जानिए क्या है मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.