Barabanki News: संपत्ति विवाद रालोद नेता को सगे भतीजे ने मारी गोली, हालत नाजुक, आरोपी गिरफ्तार
Barabanki News: बाराबंकी के कुर्सी थाना क्षेत्र के लोहराहर गांव में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना घटी। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रदेश सचिव अफसर अली पर उनके सगे भतीजे उबैद ने जानलेवा हमला किया। वारदात उस समय हुई जब अफसर अली एक अंतिम संस्कार से लौटकर ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, अफसर अली पड़ोस के गांव में एक परिचित के निधन पर शोक जताने गए थे। वहां से लौटने के बाद वे गांव की ही एक दुकान के पास रुककर कुछ लोगों से चर्चा कर रहे थे। तभी उनका भतीजा उबैद वहां पहुंचा और बिना कुछ सोचे-समझे तमंचे से उन पर फायर झोंक दिया। गोली के छर्रे सीधे अफसर अली के सीने में जा लगे और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
लखनऊ के लोहिया अस्पताल में चल रहा इलाज
ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल रालोद नेता को लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव फैल गया, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
फतेहपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) जगतराम कनौजिया ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि यह हमला जमीन और संपत्ति के पुराने विवाद के चलते किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी भतीजे उबैद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उबैद ने स्वीकार किया कि जमीन के बंटवारे को लेकर उसका अपने चाचा से लंबे समय से झगड़ा चल रहा था, इसी रंजिश में उसने उन्हें खत्म करने का मन बना लिया था।
Also Read: किडनी के मरीजों के लिए वरदान है Statin Therapy, रिसर्च में खुलासा

