Barabanki News: श्रीरामस्वरूप यूनिवर्सिटी को मिली LLB की मान्यता, BCI ने जारी किए आदेश

Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी की श्रीरामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में एलएलबी (LLB) कोर्स की मान्यता को लेकर मचा बवाल आखिरकार थम गया है। जिस मंजूरी को लेकर छात्रों ने गेट पर तालाबंदी, हंगामा और पुलिस लाठीचार्ज का सामना किया, वही मान्यता अब बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने औपचारिक रूप से जारी कर दी है। इस घोषणा से यह साफ हो गया है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन शुरू से जो कह रहा था, वह सही था।

सोमवार को छात्र संगठनों की अगुवाई में यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर भारी हंगामा हुआ था। छात्रों का आरोप था कि उनके एलएलबी कोर्स को मान्यता नहीं मिली है, जिससे उनका भविष्य खतरे में है। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा और मामला सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुँच गया। लेकिन, अब बीसीआई से मिले आदेश ने इस पूरे विवाद को खत्म कर दिया है।

यूनिवर्सिटी ने दी सफाई

पूरे घटनाक्रम पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपनी तरफ से सफाई दी है। एक महिला अधिकारी ने बताया कि सोमवार को अचानक कुछ लोग बिना किसी पूर्व सूचना के गेट पर प्रदर्शन करने आ गए थे। यूनिवर्सिटी के कुलपति, रजिस्ट्रार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर जाकर छात्रों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि उन्होंने मौके पर ही सारे दस्तावेज भी दिखाए, लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं थे।

अधिकारी ने आगे बताया कि प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट बंद कर दिया था, जिससे शाम को छुट्टी के समय न तो छात्र बाहर निकल पा रहे थे और न ही अभिभावक अपने बच्चों को लेने आ पा रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने गर्ल्स हॉस्टल के पास का गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। इस धक्का-मुक्की में डिप्टी रजिस्ट्रार (एडमिन) सहित कुछ लोग घायल भी हुए।

यूनिवर्सिटी ने कहा कि यह पूरी घटना कैंपस के बाहर हुई और प्रबंधन इसकी कड़ी निंदा करता है। अब जब बीसीआई का आदेश आ गया है, तो उनकी छात्रों से अपील है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएँ न हों और बच्चों की पढ़ाई का माहौल शांत बना रहे।

Also Read: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण पर ‘कुनबी दांव’, सरकार में दरार, भुजबल बोले- कोर्ट जाऊंगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.