बाराबंकी: ई-रिक्शा चालक की मदद से पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र में हुए हनुमंतलाल उर्फ हनोमान हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने जांच में पाया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी, एक ई-रिक्शा चालक, के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी पूजा गौतम और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है।

अवैध संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गठित स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मैनुअल और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक हनुमंतलाल की पत्नी पूजा गौतम के परिवार के एक सदस्य के भतीजे से अवैध संबंध थे। जब पति हनुमंतलाल को इसकी जानकारी हुई तो पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े होने लगे। अपने पति से छुटकारा पाने के लिए पूजा ने ई-रिक्शा चालक कमलेश से संपर्क साधा और 1 लाख रुपये में पति की हत्या की साजिश रच डाली।

ई-रिक्शा चालक ने की हत्या

हत्या की वारदात 13 अक्टूबर की रात को उस समय हुई, जब हनुमंतलाल ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। साजिश के तहत, कमलेश ने ताहीरपुर मोड़ के पास लोहे की सरिया से हनुमंतलाल पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद, पत्नी पूजा गौतम ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की और इसे एक सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए झूठी सूचना दी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई सरिया, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद कर लिया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ साक्ष्य संकलन के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Also Read: यूपी में ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ी चोट, लखीमपुर खीरी में 70 लाख रुपये के ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त, एक गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.