बरेली: करोड़ों की स्मैक और ड्रग्स बनाने वाले केमिकल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, कार और नकदी भी बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की बरेली यूनिट ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस ने रामपुर हाईवे पर हुरहुरी मोड़ के पास से तीन सक्रिय तस्करों को दबोचा है। इनके पास से भारी मात्रा में स्मैक और उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला प्रतिबंधित केमिकल बरामद हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थों की कीमत करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये आंकी जा रही है।
केमिकल सप्लाई कर बनवाते थे नशा
पकड़े गए तस्करों की पहचान ओमेन्द्र (बदायूं), मनोज (फतेहगंज पश्चिमी, बरेली) और शाकिर (विसारतगंज, बरेली) के रूप में हुई है। पूछताछ में इन लोगों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे स्मैक बनाने में इस्तेमाल होने वाला ‘एसिटिक एनहाइड्राइड’ (Acetic Anhydride) केमिकल सप्लाई करते हैं।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक वे इस केमिकल को ₹2,000 प्रति लीटर के हिसाब से खरीदकर लाते थे। उनका काम आसपास के जिलों में केमिकल और स्मैक पहुंचाना था। गिरफ्तारी के वक्त भी वे केमिकल देकर बदले में स्मैक और मोटी रकम लेने के लिए इकट्ठा हुए थे।
क्या-क्या हुआ बरामद?
ANTF और मीरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने तस्करों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।
ड्रग्स: 640 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन।
केमिकल: 52.500 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड।
नकदी: 1,03,520 रुपये नगद।
वाहन: तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक आलीशान इनोवा कार।
अन्य: 3 मोबाइल फोन।
कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ बरेली के थाना मीरगंज में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं (8/21/9(a)/25(a)/29/60) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन तस्करों के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और वे यह केमिकल किससे खरीदते थे।
Also Read: UPPSC शिक्षक भर्ती: कल जारी होंगे एडमिट कार्ड, यहां देखें पूरा शेड्यूल और डाउनलोड करने का तरीका

