बरेली: खुद को भाजपा नेता बताने वाले दबंग ने दिव्यांग युवक को पीटा, जान से मारने की दी धमकी
आंवला (बरेली): बरेली के आंवला तहसील क्षेत्र में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। मुंसिफ कोर्ट के पास एक कथित भाजपा पदाधिकारी पर एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट करने, उसकी विकलांगता का मजाक उड़ाने और उसे जातिसूचक गालियां देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
सिद्धार्थपुरम कॉलोनी निवासी पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि 9 दिसंबर को वह अपने मित्र अमित शर्मा के साथ तहसील जा रहा था। रास्ते में मुंसिफ कोर्ट के पास पान सिंह लोधी और उसकी पत्नी ने उसकी स्कूटी रोक ली। आरोप है कि पान सिंह, जो खुद को भाजपा का बड़ा पदाधिकारी बताता है, ने पीड़ित को देखते ही अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उसकी विकलांगता पर तंज कसते हुए कहा, “तू एक टांग से पहले ही लंगड़ा है, तेरी दूसरी टांग भी तोड़ देंगे।” तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने युवक को सरेराह जातिसूचक शब्द कहे और अपमानित किया।
पीड़ित का दावा है कि आरोपी अवैध खनन के कारोबार से जुड़ा है और पूर्व में उसकी कई ट्रैक्टर-ट्रालियां खनन के मामले में पकड़ी जा चुकी हैं। आरोपी ने पीड़ित को अपने मित्र के साथ रहने पर आपत्ति जताई और भविष्य में जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की तैयारी में है।
रिपोर्ट: रंजीत बिसारिया
Also Read: UP STF: अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 पिस्टल के साथ तस्कर गिरफ्तार

