Bareilly News: पेड़ के नीचे सो रहे मजदूर पर पलटी कीचड़ भरी ट्रॉली, मौके पर हुई दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: नगर निगम की लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान ले ली है।
दरअसल, बरेली के सतीपुर इलाके में नाले की सफाई के दौरान कीचड़ से भरी ट्राली एक व्यक्ति पर पलट गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनील कुमार अपने घर के पास एक पेड़ के नीचे विश्राम कर रहे थे, तभी नगर निगम की सफाई टीम कीचड़ से भरी ट्राली लेकर वहां पहुंची।
टीम ने बिना देखे ट्राली को पलटा, जिससे सारा मलबा सुनील कुमार पर गिर गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
नगर निगम के एक अधिकारी ने कहा कि, “घटना अत्यंत दुखद है। मामले की जांच की जा रही है और प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए ठेकेदार और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
पंकज कुमार, क्षे0अ0, नगर तृतीय, बरेली।
सुनील कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी और अब कमाने वाले सदस्य की मौत ने उन्हें गहरे संकट में डाल दिया है।
स्थानीय निवासियों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी सहायता दिए जाने की मांग की है।
Also Read: लखनऊ पुलिस को बड़ी कामयाबी, वाहन चोरी के मामले में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

