बरेली: खरीदारी करने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, डीसीएम की टक्कर से परिवार का चिराग बुझा

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले में बुधवार की सुबह अलीगंज-गैनी रोड पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपने मौसेरे भाई के साथ बाइक पर सवार होकर कपड़े खरीदने जा रहे 20 वर्षीय युवक अंशु को एक तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंशु की मौके पर ही मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, धनेती खरगपुर निवासी श्याम सिंह का बेटा अंशु (20 वर्ष) अपने मौसेरे भाई मुकेश के साथ अलीगंज जा रहा था। मुकेश मीरगंज के गोला कुंडा गांव का रहने वाला है। दोनों भाई घर से खुशी-खुशी कपड़े खरीदने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक अलीगंज-गैनी रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक डीसीएम ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही टूट गई सांसें

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका भाई इस हादसे से गहरे सदमे में है। सूचना मिलते ही अलीगंज थाना अध्यक्ष पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस घटना की खबर जैसे ही अंशु के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। महज 20 साल के युवा बेटे की मौत से गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाली डीसीएम के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Also Read: कुशीनगर: ‘नुक्कड़ नाटक’ से दी बाल विवाह को मात, कसया में लोगों ने ली बेटियों को पढ़ाने और बचाने की शपथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.