बरेली: नशे के सौदागरों पर ANTF का प्रहार, 20 लाख की अफीम के साथ लग्जरी कार सवार तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ छिड़ी जंग में एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरेली यूनिट ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से लाखों रुपये की अफीम और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक लग्जरी कार बरामद की है।
घेराबंदी और गिरफ्तारी
ANTF बरेली यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि अफीम की एक बड़ी खेप पंजाब भेजी जाने वाली है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने गुरुवार (22 जनवरी) को सिरौली-अलीगंज रोड पर जाल बिछाया। रामनगर जाने वाले मोड़ के पास पुलिस ने एक संदिग्ध ब्रीजा कार को रोका। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 4 किलो उच्च गुणवत्ता वाली अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अशोक (पुत्र पूरनलाल), निवासी ग्राम नौगवां, थाना अलीगंज, बरेली के रूप में हुई है। पूछताछ में अशोक ने जो खुलासे किए, वे चौंकाने वाले हैं। अशोक ने बताया कि वह बरेली के ही एक बड़े ड्रग तस्कर के लिए काम करता है। वह उसी की गाड़ी (ब्रीजा) लेकर अफीम की खेप पंजाब पहुंचाता था। पंजाब के किसी पार्टी को माल डिलीवर करने के बाद वह वहां से पैसे लाकर अपने मालिक को देता था। इस काम के बदले उसे मोटी रकम मिलती थी, जिससे वह अपने शौक पूरे करता था। कल भी वह अफीम लेकर पंजाब के लिए रवाना ही हुआ था कि बीच रास्ते में ANTF की टीम ने उसे दबोच लिया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
04 किलो अफीम (कीमत ₹20 लाख)
01 मारुति ब्रीजा कार (तस्करी में इस्तेमाल)
01 मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद
कानूनी कार्रवाई
ANTF की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरेली के थाना सिरौली में NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं (8/18/29/60) के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब उस मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है, जिसके कहने पर अशोक यह तस्करी कर रहा था।
Also Read: लखनऊ में अवैध निर्माणों पर चला एलडीए का डंडा, 50 बीघा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, 4 कॉम्प्लेक्स सील

