बरेली: रामनगर चौराहे पर टैंकर ने बाइक को रौंदा, महिला की मौके पर मौत, मासूम बच्चे घायल
बरेली (आंवला): सोमवार का दिन आंवला नगर के लिए अमंगल साबित हुआ। रामनगर चौराहे पर तेज रफ्तार के कहर ने एक परिवार में कोहराम मचा दिया। हादसे में टैंकर के पहिये के नीचे आने से एक महिला की वीभत्स मौत हो गई, जिसे देख राहगीरों की रूह कांप गई।

ससुराल से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, आंवला के रेवती गांव के रहने वाले सुरेंद्र पाल (26) अपनी ससुराल बदायूं (मलगांव) से वापस लौट रहे थे। बाइक पर उनके साथ उनकी पत्नी कुमकुम (27), भाभी अनीता पाल (28) और दो छोटे बच्चे मानसी (6 वर्ष) व कृष्णा (1 वर्ष) सवार थे। जैसे ही उनकी बाइक रामनगर चौराहे पर पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

सिर के ऊपर से गुजरा पहिया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। दुर्भाग्यवश, अनीता पाल (28) टैंकर के पिछले पहिये की चपेट में आ गईं। टैंकर का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आंवला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया।

मौके से फरार हुआ चालक, पुलिस ने खुलवाया जाम
हादसे के बाद टैंकर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की वजह से चौराहे पर लंबा जाम लग गया और स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) नितिन कुमार और आंवला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बमुश्किल जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया।
पंजाब में मजदूरी करता है पति
मृतक अनीता का पति मुनेंद्र पंजाब में रहकर मजदूरी करता है। घर में मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए दबिश दे रही है। सीओ नितिन कुमार ने परिजनों को उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Also Read: Hathras News: इंटर्नशिप के नाम पर रिश्वत ले रही CMO कार्यालय की महिला कर्मचारी गिरफ्तार

