Bareilly News: मौलाना तौकीर के करीबी के बारातघर पर चला बीडीए का बुलडोजर, अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने मंगलवार को फरीदापुर चौधरी इलाके में स्थित एक आलीशान मैरिज होम पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यह बारातघर इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के करीबी वाजिद बेग का बताया जा रहा है।

मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जब बीडीए की टीम 3 बुलडोजरों के साथ फरीदापुर चौधरी पहुंची, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। लगभग 1200 वर्गमीटर में फैले इस ‘बेग मैरिज होम’ को प्राधिकरण की टीम ने गिराना शुरू कर दिया।

क्यों हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार के मुताबिक, इस बारातघर का निर्माण पूरी तरह नियमों के विरुद्ध था। निर्माण के लिए कोई मानचित्र (Map) पास नहीं कराया गया था। लैंड यूज (भूमि उपयोग) के नियमों का पालन नहीं हुआ था। प्रशासन ने इसे पहले ही अवैध घोषित कर 6 अक्टूबर को सील कर दिया था, लेकिन नियमों के उल्लंघन पर अब इसे ढहाने का फैसला लिया गया।

यह बारातघर पिछले कुछ समय से चर्चा में था। बताया जा रहा है कि बीते 26 सितंबर को यहाँ मौलाना तौकीर रजा का एक बड़ा कार्यक्रम हुआ था, जिसके बाद यह प्रशासन की नजरों में और तेजी से आया। गौरतलब है कि यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब मौलाना तौकीर रजा पहले ही विवादों में घिरे हैं। हाल ही में बरेली के इज्जतनगर थाने में तौकीर रजा, उनके दामाद मोहसिन और अन्य लोगों के खिलाफ जमीन विवाद और प्रताड़ना का मामला दर्ज हुआ है।

Also Read: लखनऊ में कड़ाके की ठंड: नर्सरी तक के स्कूल 27 दिसंबर तक बंद, कक्षा 8 तक के समय में बदलाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.