बरेली: दबंगों ने रोका चार परिवारों का रास्ता, प्रशासन की रिपोर्ट में ‘आम रास्ता’ होने के बावजूद आवाजाही बंद

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना इज्जत नगर के गांव हरहरपुर में दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव के चार परिवारों का आम रास्ता जबरन बंद कर दिया गया है, जिससे उनका घर से निकलना दूभर हो गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि राजस्व विभाग की जांच में इस रास्ते को सरकारी (आम रास्ता) पाया गया है, फिर भी दबंग इस पर कब्जा जमाए हुए हैं।

मामला क्या है?

ग्रामीण कृपाल के अनुसार, गांव के ही दबंग व्यक्ति तेजपाल, अरविंद और प्रेम शंकर पुराने आम रास्ते को अपनी निजी जमीन बताकर अवरोध पैदा कर रहे हैं। ये लोग एक धार्मिक स्थल का हवाला देकर चार परिवारों की आवाजाही पर पाबंदी लगा रहे हैं।

प्रशासनिक जांच की स्थिति

लगभग 6 माह पूर्व ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ में शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जांच की थी। टीम ने स्पष्ट किया था कि यह एक आम रास्ता है। इस रास्ते पर ब्लॉक की ओर से खड़ंजा निर्माण भी कराया जा चुका है, जो इसके सार्वजनिक रास्ता होने का प्रमाण है। जिला अधिकारी की जांच और राजस्व टीम की पुष्टि के बावजूद दबंगों ने रास्ते को बाधित कर रखा है, जिससे पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहे हैं।

पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि सरकारी अभिलेखों में दर्ज इस आम रास्ते को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए ताकि उनका आवागमन बहाल हो सके।

रिपोर्ट: रंजीत बिसारिया

 

Also Read: वाराणसी पुलिस का बड़ा खुलासा: कफ सिरप तस्करी से ‘नीले का पीला’ बनाने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.