Bareilly News: राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप पर आधारित स्मारिका का जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किया विमोचन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष और बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप (बालक वर्ग) से संबंधित स्मारिका का विधिवत विमोचन किया।
यह प्रतियोगिता 20 से 24 अप्रैल के बीच अंबेडकरनगर जनपद में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से करीब 700 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
इस आयोजन के अध्यक्ष के रूप में अविनाश सिंह, जो उस समय अंबेडकरनगर के जिलाधिकारी थे, ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का सफल संचालन किया था।
अब, इस आयोजन की यादों और उपलब्धियों को समेटते हुए तैयार की गई खेल स्मारिका का विमोचन बरेली में किया गया।
खेल जगत के दिग्गज रहे उपस्थित
विमोचन समारोह में यूपी ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडे, जिन्हें ‘यश भारती’ सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है, और संयुक्त सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. आनंदेश्वर पांडे ने इस अवसर पर कहा,
“खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और समाज के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की खेलों के प्रति सक्रिय भूमिका निश्चित रूप से बरेली सहित पूरे प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”
वहीं, डॉ. हनुमान प्रताप सिंह, जिन्होंने इस स्मारिका का संपादन एवं संकलन किया, ने कहा,
“इस स्मारिका में आयोजन की झलकियों के साथ-साथ खेल से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं को समाहित करने का प्रयास किया गया है। अब इसका वितरण किया जाएगा, जिससे यह खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के लिए मार्गदर्शक बन सके।”
भविष्य में और आयोजन होंगे: जिलाधिकारी
इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा:
“यह स्मारिका केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि उस आयोजन की आत्मा है। भविष्य में जब भी ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, यह स्मारिका मार्गदर्शन का कार्य करेगी। हम आगे भी ऐसे आयोजन करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
Also Read: Lucknow News: फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट, पूर्व मंत्री कौशल किशोर को लेकर मचा बवाल

