Bareilly News: प्राथमिक स्कूलों की हालत पर सख्त हुए DM, कहा- दूरदराज के स्कूलों की उपेक्षा नहीं चलेगी
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए अधिकारियों को कई सख्त निर्देश जारी किए।
ड्रॉपआउट दर पर चिंता, समाधान के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने चिंता जताई कि सरकार शिक्षा पर भारी बजट खर्च कर रही है, इसके बावजूद ड्रॉपआउट की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है और इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) और शिक्षक गंभीरता से कार्य करें।
ग्रामीण स्कूलों की निगरानी होगी तेज
जिलाधिकारी ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति की विशेष निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में उपस्थिति का स्तर सुधारने के लिए नियमित निरीक्षण और प्रभावी कदम उठाए जाएं।
दूध की गुणवत्ता और सप्लाई व्यवस्था पर भी निर्देश
विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले दूध की गुणवत्ता जांच के लिए लैक्टोमीटर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि गांवों में स्वयं सहायता समूहों को पशुपालन के लिए प्रेरित किया जाए और इन्हीं समूहों से विद्यालयों में दूध की आपूर्ति कराई जाए, जिससे बच्चों को पोषक आहार मिले और ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हों।
उन्होंने यह भी कहा कि कस्तूरबा विद्यालयों में इस्तेमाल होने वाले मसाले और अन्य खाद्य सामग्री की खरीद भी स्थानीय स्वयं सहायता समूहों से की जाए।
रसोइयों की स्थिति पर विशेष ध्यान
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मानदेय भुगतान की स्थिति की समीक्षा की।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनपद में 6101 रसोइया कार्यरत हैं, जिनका मार्च 2025 तक का मानदेय भुगतान कर दिया गया है। साथ ही परिधान के रूप में साड़ी की धनराशि भी वितरित की जा चुकी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी एबीएसए विद्यालय निरीक्षण के दौरान रसोइयों से संवाद करें, उनका हालचाल लें और यह सुनिश्चित करें कि उन्हें समय से मानदेय मिल रहा है या नहीं।
साथ ही उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह, सभी खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Read: UP News: अपना दल (एस) में बड़ा बदलाव, आर.पी. गौतम बने उत्तर प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष

