बरेली: लोहिया महाविद्यालय के NSS शिविर में जल संरक्षण की गूंज, ग्रामीणों को सिखाए योग के गुर
Sandesh Wahak Digital Desk: डॉ. राम मनोहर लोहिया राजकीय महाविद्यालय, आंवला (बरेली) में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का उत्साह चौथे दिन भी चरम पर रहा। प्राचार्य डॉ. महाराणा प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर की शुरुआत सुबह प्रार्थना सभा, मां सरस्वती की वंदना और ‘लक्ष्य गीत’ के साथ हुई।
गली-मोहल्लों में फैलाया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम अधिकारी देवीशरण और डॉ. सौरभ कुमार के नेतृत्व में छात्र-छात्रा स्वयंसेवियों की टोली चयनित मोहल्ले मोहब्बतगंज गौंटिया और ग्राम रहटुईया पहुंची। यहां स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण और पर्यावरण को बचाने के तरीके बताए। गांव की गलियों में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। ग्रामीणों को सुविचारों और समाचारों के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया।

योग से होगा स्वास्थ्य का सुधार
शिविर के बौद्धिक सत्र में शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष विचित्र कुमार मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने ‘दैनिक जीवन में योग एवं व्यायाम की महत्ता’ पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि कैसे नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है।
सहयोग और संचालन
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विपिन कुमार, विनोद कुमार, विशाल बेंसन, सुनील कुमार और कमल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी देवीशरण एवं डॉ. सौरभ कुमार ने किया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों के जोश और ग्रामीणों के सकारात्मक सहयोग ने यह साबित कर दिया कि युवा शक्ति समाज में बदलाव लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Also Read: लखनऊ: लोहिया अस्पताल में मरीजों के परिजनों को मिलेगी राहत, 24.86 करोड़ से बनेगा भव्य रैन बसेरा

