बरेली में सर्दी का सितम: 8वीं तक के स्कूल 20 दिसंबर तक बंद, DM ने जारी किया आदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी (DM) अविनाश सिंह के निर्देश पर जिले के कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी स्कूलों में 20 दिसंबर 2025 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह छुट्टी जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी (Private) स्कूलों पर अनिवार्य रूप से लागू होगी। यदि किसी स्कूल में पहले से परीक्षाएं (Exams) निर्धारित हैं, तो वे अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत संचालित होंगी। अवकाश के दौरान यदि कोई विद्यालय नियमों का उल्लंघन कर खुला पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
10 साल का टूटा रिकॉर्ड
बरेली में मंगलवार का दिन पिछले 10 वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया, जहाँ अधिकतम तापमान गिरकर 16.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बुधवार को भी दिनभर कोहरा छाया रहा और धूप नहीं निकलने के कारण गलन और ठिठुरन बनी रही। बर्फीली हवाओं के कारण सड़कों पर दृश्यता (Visibility) बेहद कम रही।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए बरेली और आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
Also Read: लखनऊ: नेशनल हेराल्ड मामले पर कांग्रेस का हल्ला बोल, अजय राय समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में

