बरेली: फतेहगंज पश्चिमी पुलिस का नशे के सौदागरों पर प्रहार, स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 105 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी कीमत बताई जा रही है।

अगरास तिराहे पर दबोचे गए तस्कर

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक आदेश कुमार, पंकज कुमार और अशोक कुमार की टीम शुक्रवार को क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्मैक की खेप लेकर कहीं जाने की फिराक में हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अगरास तिराहे के पास से दो संदिग्धों कौशल कुमार (20) और साजिद (32) को दबोच लिया।

ट्रक ड्राइवरों को बेचते थे जहर

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे यह स्मैक मोहल्ला अंसारी निवासी अजीम नाम के व्यक्ति से कम दामों में खरीदते थे। इसके बाद वे इस नशे को ट्रक ड्राइवरों को ऊंचे दामों पर बेचकर अपना खर्च और परिवार चलाते थे। पुलिस अब मुख्य सप्लायर अजीम की तलाश में जुट गई है, जो फिलहाल फरार है।

अपराधिक इतिहास और कानूनी कार्रवाई

गिरफ्तार अभियुक्तों में से साजिद का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, उसके खिलाफ पहले भी मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। फरार चल रहे अजीम पर भी आधा दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ थाना फतेहगंज पश्चिमी में धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सराहनीय पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक आदेश कुमार, पंकज कुमार, अशोक कुमार के साथ हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार और भूपेंद्र सिंह की मुख्य भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए छापेमारी जारी रहेगी।

Also Read: कुशीनगर: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, जानें विशेष अभियान की तारीखें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.