दशकों के इंतजार के बाद बरेली के गैनी गांव में सड़क, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया प्रधान का स्वागत
Bareilly News: आंवला तहसील के मझगवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत गैनी के निवासियों के लिए खुशियों वाली खबर आई है। पिछले कई दशकों से जिस सड़क की बदहाली होली और मोहर्रम जैसे त्योहारों पर ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई थी, उसका कायाकल्प हो गया है।
मौजूदा ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह ने गांव की इस मुख्य सड़क का निर्माण 30 लाख रुपये की लागत से करवाया है, जिससे अब राहगीरों और ग्रामीणों को कीचड़ और गड्ढों से मुक्ति मिल गई है।

सालों से खराब रास्ते की मार झेल रहे ग्रामीणों के चेहरों पर अब सुकून दिख रहा है। सड़क बनने की खुशी में स्थानीय निवासी डॉक्टर करण सिंह, व्यापारी राजेश ठाकुर, सुनील यादव, रामपाल मौर्य और सोनू सक्सेना समेत कई लोगों ने ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह का फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।
इस मौके पर ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह ने अपनी प्राथमिकताएं साफ कीं। उन्होंने कहा, मेरा लक्ष्य गांव के हर वर्ग के व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पिछले कई सालों से त्योहारों के समय इस रास्ते पर बहुत दिक्कत होती थी, जिसे अब दूर कर दिया गया है। विकास का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

सड़क बनने से न केवल आवाजाही आसान हुई है, बल्कि अब त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूसों और आम जनता को जलभराव जैसी पुरानी समस्याओं से निजात मिल गई है।

