बरेली: प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का आगाज
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में, बुधवार को बरेली के जीआईसी ऑडिटोरियम में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के तहत एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
शिविर में गर्भवती महिलाओं, माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ गैर-संचारी रोगों जैसे कैंसर, बीपी और शुगर की जांच भी की गई। इसके अलावा, आयुष्मान, मलेरिया, टीबी, एचआईवी, मानसिक रोग और योगा जैसी विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में 345 से अधिक रोगियों की जांच की गई, और 25 यूनिट रक्त भी दान किया गया।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 4 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित किए गए। साथ ही, आईसीडीएस विभाग द्वारा आठवें पोषण कार्यक्रम के अंतर्गत 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 5 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी किया गया।

जन प्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में मौजूद बरेली के मेयर उमेश गौतम ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की सभी माताओं और बहनों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं और परिवारों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी विश्राम सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अजय पाल सिंह गंगवार ने किया।
Also Read: गोरखपुर में जमीनों का गोरखधंधा, जीरो टॉलरेंस का नारा हुआ जीरो: अखिलेश यादव

