Bareilly News: नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना बारादरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 354 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को थाना बारादरी पुलिस टीम रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान के तहत सैटेलाइट चौराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर कहीं जाने की फिराक में है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब आला हजरत रोड पर पहुंची तो वहां खड़ा संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।

354 ग्राम अफीम बरामद, NDPS एक्ट में केस दर्ज

पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 354 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 0122/2026 धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त को बरामद माल के साथ माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुमित कुमार (21 वर्ष) पुत्र वेदराम निवासी बिहारीपुर छेमराम, थाना दातागंज, जिला बदायूं के रूप में हुई है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसके पिता खेती करते हैं और वह कम पढ़ा-लिखा है। उसने खुलासा किया कि ग्राम अरन्दापुर निवासी अर्जुन ने उसे ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर अफीम बेचने के लिए दी थी।

वांछित अभियुक्त की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अर्जुन पुत्र नामालूम, निवासी ग्राम अरन्दापुर, थाना दातागंज, जिला बदायूं फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई को थाना बारादरी की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें

  • प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय

  • उप निरीक्षक विनय बहादुर सिंह (प्रभारी चौकी सैटेलाइट)

  • कांस्टेबल आदित्य प्रताप सिंह

  • कांस्टेबल दीपांशु पोसवाल

  • कांस्टेबल अजीत सिंह शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: रोहित शेट्टी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, क्राइम ब्रांच की 12 टीमें जांच में जुटीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.