Bareilly News: गोकशी करने वाले 4 बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक सिपाही भी घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली में गोकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना किला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोकशी करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो बदमाश और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से करीब 50 किलो गोमांस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

22 अगस्त 2025 को थाना किला पुलिस को बाकरगंज नदी के किनारे एक पेड़ के पास गोवंशीय पशु के अवशेष मिले थे। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।

गोकशी करने वालों को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक टीम बनाई। 22 और 23 अगस्त की रात को गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने बाकरगंज में घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में मुमताज उर्फ सलमान के दाहिने पैर में और मोहसीन के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे दोनों घायल हो गए। इस मुठभेड़ में पुलिस कांस्टेबल सुनील कुमार के बाएं हाथ में भी गोली लगी। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कौन-कौन गिरफ्तार हुआ?

पुलिस ने मौके से वीरेंद्र यादव, शमशुद्दीन उर्फ भूरा, मुमताज उर्फ सलमान और मोहसीन को गिरफ्तार किया है। वहीं, चार अन्य आरोपी – अकील उर्फ पोली, अफजाल मंसूरी, मोबीन और जमीर – मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए बदमाशों के पास से 4 तमंचे, 7 जिंदा कारतूस, 7 छुरी और 50 किलो गोमांस बरामद किया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Also Read: पटना में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और टेम्पो की टक्कर में 8 की मौत, 4 की हालत नाजुक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.