Bareilly News: गौकशी के अवशेष मिलने के 24 घंटे के भीतर एक्शन, मुठभेड़ में 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के थाना इज्जतनगर पुलिस ने गौकशी की घटना का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, वहीं बदमाशों की फायरिंग में उत्तर प्रदेश पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ है।
घटना का पृष्ठभूमि
21 और 22 मार्च 2026 को ग्राम फरीदापुर चौधरी के पास एक नाले में बोरे में बंद गौवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी बरेली ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 विशेष टीमों का गठन किया था। थाना इज्जतनगर में संबंधित धाराओं (3/8 गौवध निवारण अधिनियम) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी
सोमवार रात पुलिस टीम सिद्धार्थ नगर केंद्रीय विद्यालय के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में कांस्टेबल राहुल कुमार घायल हो गए। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें हिरासत में ले लिया गया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
असलम: निवासी फरीदापुर चौधरी (मुख्य आरोपी, जिस पर गौवध और आर्म्स एक्ट के 5 मुकदमे पहले से दर्ज हैं)।
जीशान (उम्र 26 वर्ष): निवासी फरीदापुर चौधरी।
नासिर (उम्र 30 वर्ष): निवासी परतापुर चौधरी।
बरामदगी की सूची
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित अवैध सामान और उपकरण बरामद किए हैं।
शस्त्र: 03 अवैध तमंचे (315 बोर), 03 जिंदा कारतूस और 06 खोखा कारतूस।
वाहन: 01 बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल।
उपकरण: गौकशी में प्रयुक्त होने वाले तेज धारदार हथियार और औजार।
अन्य: 02 मोबाइल फोन।
Also Read: LPG Crisis Update: अब 12 सिलेंडर के बाद गैस बुकिंग के लिए करना होगा ये काम, जानिए 4 अहम सवाल

